बिलासपुर के बाला में झील में व्यक्ति की खोज के लिए जाता गोताखोर। संवाद
झंडूता के बाला में वीरवार को लापता हो गया था व्यक्ति
मवेशियों के लिए झील किनारे गया था चारा लेने
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बाला में झील किनारे घास काटने गया एक व्यक्ति लापता हो गया। उसके झील में डूबने की भी आशंका जताई जा रही है। शनिवार को गोताखोरों ने झील में व्यक्ति की तलाश भी की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार बाला गांव का कश्मीर सिंह पुत्र श्याम लाल वीरवार दोपहर को पशुओं के लिए चारा लाने के लिए गया था, लेकिन वह घर वापस नहीं आया। परिवार के साथ गांव के लोगों ने कश्मीर सिंह को ढूंढा, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों ने आशंका जाहिर की है कि कश्मीर सिंह का घास काटते समय हो सकता है कि पैर फिसल गया और वह झील में गिर गया हो। पुलिस ने शनिवार को गोताखोर बुलाए और झील में कई किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। झंडूता थाना के कार्यकारी प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि व्यक्ति को झील में ढूंढने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है। खोज अभियान जारी है।