फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी, परिवार से ऐंठे 4.30 लाख

Fri, 20 Feb 2026 11:28 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मोबाइल नंबरों के जरिए किया संपर्क, दिया नियुक्ति का झांसा
विज्ञापन

सितंबर से शुरू हुई बातचीत, भरोसे देकर लिया विश्वास में
शातिरों ने पैसे लेने के बाद बंद किया फोन, आर्थिक नुकसान से सदमे में परिवार

संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं के तहत क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। सरकारी नौकरी के नाम पर झांसा देकर एक परिवार से 4.30 लाख रुपये ऐंठ लिए।
जानकारी के अनुसार गांव जोलपलाखी (कुरनाडा), डाकघर कुठेड़ा, तहसील घुमारवीं निवासी प्रताप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ व्यक्तियों ने उनके परिवार से बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 4 लाख 30 हजार रुपये की रकम ठग ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

शिकायतकर्ता ने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर के दौरान अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उनसे संपर्क किया गया। फोन करने वाले लोगों ने अपने नाम रामपाल, राहुल, साहिल और रोहित बताए तथा दावा किया कि उनके पास सरकारी विभागों में भर्ती कराने का पक्का माध्यम है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि बच्चों का चयन लगभग तय है और जल्द नियुक्ति पत्र जारी करवा दिया जाएगा। आरोप है कि लगातार बातचीत और भरोसा दिलाने के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता तथा उनके दामाद पवन कुमार से अलग-अलग समय पर विभिन्न बैंक खातों में पैसे जमा करवाने को कहा। परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद में आरोपियों के कहने पर किस्तों में कुल 4,30,000 रुपये जमा करवा दिए। आरोपियों ने हर बार पैसे मिलने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ने का भरोसा दिया। परिवार के अनुसार काफी समय बीत जाने के बाद भी जब कोई नियुक्ति नहीं हुई तो उन्होंने आरोपियों से संपर्क कर जानकारी लेनी चाही। शुरुआत में आरोपियों ने बहाने बनाकर समय मांगा, लेकिन बाद में उनके मोबाइल फोन बंद आने लगे। इसके बाद परिवार को शक हुआ कि उनके साथ ठगी हो गई है।
विज्ञापन

परिवार का कहना है कि यह रकम उनके लिए बहुत बड़ी थी, जिसे उन्होंने बच्चों को नौकरी दिलाने की उम्मीद में जुटाया था। ठगी सामने आने के बाद पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान और सदमे में है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और लेन-देन से जुड़े बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे न दें। भर्ती प्रक्रियाएं केवल आधिकारिक माध्यमों से होती हैं। यदि कोई व्यक्ति नौकरी के नाम पर पैसे मांगता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें