बजोहा वार्ड में खोली जाएगी लाइब्रेरी, विद्यार्थियों को मिलेगी वाई-फाई सुविधा-बैठने के लिए फर्नीचर सहित उपलब्ध होंगी पढ़ाई की जरूरी सुविधाएं
-नगर परिषद ने बड़े हॉल का किया चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के वार्ड नंबर सात बजोहा में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लाइब्रेरी खोली जाएगी। इसके लिए नगर परिषद ने एक बड़े हॉल का चयन कर लिया है। जल्द ही इसे लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यहां विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर और वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
लाइब्रेरी खुलने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए शांत और बेहतर वातावरण मिल सकेगा। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को इसका लाभ होगा। वाई-फाई सुविधा मिलने से विद्यार्थी इंटरनेट से अध्ययन सामग्री जुटाने के साथ ऑनलाइन कक्षाओं का भी लाभ उठा सकेंगे। इससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी सामग्री तक पहुंच बनाने में सुविधा होगी।
अक्सर विद्यार्थियों को घर में पढ़ाई के लिए शांत वातावरण और पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता है। ऐसे में उन्हें पुस्तकालयों या अन्य अध्ययन केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है। बजोहा वार्ड में लाइब्रेरी शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही पढ़ाई के लिए उचित स्थान उपलब्ध होगा। उन्हें अध्ययन के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।
नगर परिषद ने विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरी में बैठने और इंटरनेट सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना बनाई है। इस पहल से बजोहा वार्ड के अलावा आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
बजोहा वार्ड में लाइब्रेरी खोलने की योजना बनाई गई है। इसके लिए बड़ा हॉल भी चयनित कर लिया है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध करवाना जरूरी है। लाइब्रेरी में बैठने और वाई-फाई सहित आवश्यक सुविधाएं दी जाएंगी। जल्द ही इस योजना को सिरे चढ़ाया जाएगा।
- अमित कुमार, अध्यक्ष, नगर परिषद घुमारवीं