तीन हजार उपभोक्ताओं को राहत, 7, 15, 23 और 30 तारीख को होगी सिलिंडर की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी क्षेत्र के गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब क्षेत्र में गैस सिलिंडर की आपूर्ति करने वाली गाड़ी महीने में केवल दो बार नहीं, बल्कि चार बार पहुंचेगी। उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सैनी गैस एजेंसी ने गैस वितरण का नया शेड्यूल लागू किया है। इसके तहत अब हर माह 7, 15, 23 और 30 तारीख को गैस आपूर्ति वाहन निर्धारित क्षेत्रों में सिलिंडर वितरण करेगा।
अब तक क्षेत्र में गैस की गाड़ी केवल 15 और 30 तारीख को ही पहुंचती थी। ऐसे में कई उपभोक्ता किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर सिलिंडर नहीं ले पाते थे, जिससे उन्हें अगले चक्र तक इंतजार करना पड़ता था। नए शेड्यूल के लागू होने से उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा मिलेगी और गैस की उपलब्धता भी पहले से बेहतर होगी। सैनी गैस एजेंसी के संचालक टीसी सैनी ने बताया कि उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए गैस वितरण की आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे लोगों को समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध हो सकेगा और अनावश्यक परेशानी से भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति वाहन स्वाहण, जनैली, श्री नयना देवी जी, बस्सी, टोबा, बैहल सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों में नियमित रूप से गैस सिलिंडर उपलब्ध कराता है। इन क्षेत्रों में एजेंसी के करीब तीन हजार उपभोक्ता हैं, जिन्हें इस नई व्यवस्था का सीधा लाभ मिलेगा। टीसी सैनी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस सिलिंडर लेने से करीब दो दिन पहले अपना ओटीपी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि वितरण के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अलावा उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से समय-समय पर गैस रेगुलेटर की जांच कराने और आवश्यकता पड़ने पर उसे बदलवाने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक सुचारु एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।