बैठक में बलराम दास बाबा बोले, सहकारी सभाएं बनें आर्थिक सशक्तिकरण का जरिया
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। सहकार भारती के केंद्रीय स्तर पर चलाए जा रहे विभागीय प्रवास कार्यक्रम के तहत सहकार भारती बिलासपुर की बैठक डेस्को दधोल में हुई। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और सहकार भारती पंजाब प्रदेश अध्यक्ष बलराम दास बाबा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
शुरुआत सहकार गीत और दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान बलराम दास बाबा ने कहा कि सहकारी सभाओं और स्वयं सहायता समूहों को समाज के आर्थिक उत्थान में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन तभी मजबूत होगा जब इसमें पारदर्शिता, सहभागिता और समर्पण को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रांत अध्यक्ष राजेश कुमार कपिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में कई उत्कृष्ट कार्य हुए हैं। अब जरूरत है कि शेयरधारक, प्रबंध समिति सदस्य और सचिव मिलकर सहकारिता को गांव-गांव तक पहुंचाएं ताकि हर व्यक्ति को इसका लाभ मिल सके। बैठक में विभाग संगठन प्रमुख, जिला अध्यक्ष देव दत्त शर्मा और डेस्को के सीईओ हेम राज निखिल ने भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर आत्मनिर्भरता और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रांत महिला प्रमुख शीतल भारद्वाज, प्रांत कोषाध्यक्ष राजेंद्र जगोता, प्रांत बैंक प्रकोष्ठ प्रमुख नंद लाल शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता दौलत भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष राम गोपाल ठाकुर, रोशन लाल, अमरनाथ भारद्वाज, तहसील झंडूता अध्यक्ष जगत राम शर्मा, तहसील घुमारवीं अध्यक्ष दूनी चंद, उपाध्यक्ष श्याम लाल, लेख राम शर्मा, महिला पदाधिकारी ललिता देवी, वनिता चड्ढा, सुनीता शर्मा, तहसील सदर अध्यक्ष योगेश कुमार, जोगिंद्र कुमार, विनय कुमार, तिलक राज सहित बड़ी संख्या में सहकार बंधु मौजूद रहे।