स्वारघाट के दबट में विशेष जांच टीम ने नाकाबंदी कर पकड़ी कार
एक आरोपी पर पहले भी एनडीपीएस के सात मामले दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला बिलासपुर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस की विशेष जांच टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर स्वारघाट क्षेत्र के दबट के समीप एक कार से 8.55 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने कार में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति ऐसा भी है, जिसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस इस मामले को नशे के कारोबार से जुड़े पुराने नेटवर्क की कड़ियों से जोड़कर भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार एसडीटी ने नशा तस्करी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्वारघाट क्षेत्र के दबट में सीएचसी बाइफरकेशन के समीप नाकाबंदी की थी। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी बीच एक कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से 8.55 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान शुभम शर्मा (30) निवासी वार्ड नंबर पांच, बजौहा, घुमारवीं और सुरेंद्र कुमार (57) निवासी गांव पट्टा, डाकघर कल्लर के रूप में हुई है। पुलिस थाना स्वारघाट में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सात पुराने मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र कुमार के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज हो चुके हैं। ये मामले वर्ष 2005, 2009, 2010, 2015, 2016, 2020 और 2022 में दर्ज किए गए थे। इसके अलावा वर्ष 2022 में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत भी एक अन्य मामला दर्ज हुआ था। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ मौजूदा मामले से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। इसका उद्देश्य चिट्टे की खेप के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े लोगों का पता लगाना है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के संपर्क किन लोगों से थे और नशे की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है।