बिलासपुर। दस दिनों की बारिश ने सभी को परेशान कर दिया है। बारिश अधिक होने के कारण लेागों के घरों के साथ ही सरकारी भवन भी टपकने लगे हैं। तहसील में एसडीएम कार्यालय में पानी टपकने से एसडीएम ने पानी भरने के लिए कार्यालय में बर्तन रखवाएं हैं।
बारिश के कारण लोगों को अब बेहद परेशानी होने लगी है। लोगों के घरेां के साथ ही सरकारी भवन भी टपकने लगे हैं। ज्ञात हो कि तहसील भवन का निर्माण करीब पांच साल पूर्व ही हुआ है। बरसात के कारण तहसील भवन का पलास्तर भी जगह जगह से गिरने लगा हैं। वहीं, एसडीएम कार्यालय व एसडीएम न्याययालय भवन भी टपकने लगा है। शुक्रवार को एसडीएम ने अपनी सीट के बराबर में छत के टपकते पानी को भरने के लिए बर्तन भी रखवाएं हैं। जिसके कारण एसडीएम व दिनभर आने वाले फरियादियों को छत से टपकती पानी की बूंदों से जूझना पड़ा। एसडीएम ने बताया कि छत की मरम्मत पहले एक बार कराई जा चुकी है, अब दूसरी बार मरम्मत में करीब पांच लाख रुपये का खर्चा आना बताया जा रहा है, इसलिए राजस्व परिषद को भवन मरम्मत का प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से बजट आने पर मरम्मत कराई जाएगी। खजुरिया-पिपलिया विजयनगर रोड पर खेतों में बारिश का पानी अधिक होने के कारण शुक्रवार को दिनभर पानी रोड से गुजरा। जिसके कारण राहगीरों को परेशानी हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति काफी जटिल होती जा रही है।