अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता(बिलासपुर)। प्रयागराज कुंभ में झंडूता के बीएसएफ जवान राजेंद्र कुमार गौतम का शव शनिवार सुबह 5 बजे उनके पैतृक गांव लेहड़ पहुंचाया गया, जहां पर शहीद जवान को पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। शहीद जवान राजेंद्र कुमार गौतम के घर जैसे ही पार्थिव शरीर सेना की टुकड़ी ने पहुंचाया तो सैकड़ों की तादाद में इकट्ठे लोगों की आंखें नम हो गई। वहीं, पूरा गांव चीखों पुकार से गूंजने लगा।
सैकड़ों की उपस्थिति में तिरंगे में लिपटे शहीद राजेंद्र कुमार गौतम को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई पैतृक गांव के श्मशानघाट में हुई। बता दें कि शहीद जवान राजेंद्र कुमार गौतम 2004 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। ट्रेनिंग पूरी करने के बाद वे एनडीआरएफ में अपनी सेवाएं दे रहे थे। प्रयागराज में कुंभ मेले के दौरान एक व्यक्ति को डूबते समय बचाने के दौरान उनकी गर्दन में गहरी चोट आ गई थी। इसके चलते दिल्ली एम्स में 21 फरवरी की रात उनकी मृत्यु हो गई। जवान राजेंद्र कुमार गौतम अपने पीछे मां लीला देवी, पत्नी चंचला देवी व दो छोटी बेटियां छोड़ गए हैं। इस मौके पर स्थानीय विधायक जीत राम कटवाल, सहायक आयुक्त उपायुक्त बिलासपुर पूजा चौहान, पुलिस प्रशासन की ओर से एएसपी भागमल व सेना की ओर से असिस्टेंट कमांडेंट ओम प्रकाश विश्राई, इंस्पेक्टर आशीष कुमार, इंस्पेक्टर यशवंत सिंह के साथ अन्य 29 सेना के जवान भी मौजूद थे।
----------
इनसेट...
छोटी बेटी ने कहा बॉय पापा
शहीद राजेंद्र कुमार गौतम को जब अंतिम संस्कार के लिए श्मशानघाट ले जाया जा रहा था तब स्थानीय लोगों और सेनी की टुकड़ी ने राजेंद्र कुमार अमर रहे के नारे लगाए। वहीं, उनकी छोटी बेटी ने अपने पापा को अंतिम समय बॉय पापा कहकर विदा किया जिसे देख वहां पर सभी उपस्थित लोग अपने आप को रोने से न रोक पाए।
---------------