- विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत छात्राओं को विज्ञान के प्रति किया जा रहा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। जिले की 46 छात्राओं ने बुधवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य मेधावी छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान को लोकप्रिय बनाना है।
इस भ्रमण में विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत पंजीकृत छात्राओं ने भाग लिया। इसमें जेएनवी कोठीपुरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रघुनाथपुरा, जुखाला और नम्होल की छात्राएं शामिल रहीं। कार्यक्रम समन्वयक शैल बाला ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण में छात्राओं को विज्ञान की नई तकनीकों से अवगत कराया गया। भ्रमण में विनय पीजीटी कंप्यूटर विज्ञान जेएनवी कोठीपुरा, डॉ. राजीव कुमार नोडल अधिकारी (एनआईटी हमीरपुर), और प्रो. प्रकाश सिंह सिविल विभाग (एनआईटी हमीरपुर) ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए विज्ञान ज्योति नामक एक अनोखा कार्यक्रम शुरू किया। शिक्षा विभाग के एक स्वायत्त संगठन नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) विज्ञान ज्योति का कार्यान्वयन भागीदार है। एनवीएस के पास भारत के 600 से अधिक जिलों में जवाहर नवोदय विद्यालयों का नेटवर्क है। वर्तमान में 300 जेएनवी छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के केवी, सरकारी स्कूलों और सेना स्कूलों की छात्राओं के लिए एसटीईएम में अधिक विविधता के लिए विज्ञान ज्योति ज्ञान केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं।