अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला में एक के बाद एक डेंगू के नए मामले सामने आ रहे हैं। सरकारी अमले के तमाम प्रयासों के बाद भी जिला में डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को डेंगू के 11 नए मामले सामने आए हैं। जबकि रविवार और सोमवार को जिला मेें डेंगू के 16 मामले सामने आ चुके हैं।
नोडल अधिकारी डॉ.परविंद्र शर्मा ने जिला में फैले डेंगू रोग के बारे में बताया कि मंगलवार को 11 डेंगू के नए मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि डेंगू से पीड़ित 55 रोगियों का उपचार चल रहा है। उनमें से डेंगू से पीड़ित कोई भी रोगी अस्पताल में भर्ती नहीं हैं। कहा कि सभी रोगियों का उपचार घरों में ही हो रहा है। अब तक 355 डेंगू के मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 5 में एक व्यक्ति के घर में डेंगू के मच्छर का लारवा मिलने पर उसका चालान करके जुर्माना किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा 131 घरों में जाकर निरीक्षण किया गया। इनमें से 67 घरों की पानी की टंकियों, कूलरों और जल भंडारण के बर्तनों को खाली करवाकर उन्हें साफ करवाया गया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से लोगों को अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वह जब भी घरों से बाहर निकलें तो अपने शरीर को पूर्ण रूप से ढक कर और ओडोमोस इत्यादि कीटनाशक स्प्रे का इस्तेमाल करें तथा घरों के अंदर भी कीटनाशक स्प्रे करना सुनिश्चित बनाए ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।