बिलासपुर। राजकीय औद्योगिक संस्थान बिलासपुर में शनिवार को 13वीं जिला स्तरीय पुरुष और महिला वर्ग की खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त विवेक भाटिया ने किया।
छह दिवसीय प्रतियोगिता में जिला के निजी व राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से पुरुष वर्ग की 11 व महिला वर्ग की पांच टीमें भाग ले रही हैं। पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता 26 तक चलेगी, जबकि महिला वर्ग की प्रतियोगिता 27 फरवरी से शुरू होगी। प्रतियोगिता का समापन एक मार्च को होगा। मुख्यातिथि ने मार्चपास्ट की सलामी ली और ध्वजारोहण करने के उपरांत अनुशासन से खेलने की शपथ दिलाई। पुरुष वर्ग में 11 टीमों के 256 खिलाड़ी वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबाल, लंबी कूद, ऊंची कूद में हिस्सा लेंगे।
मार्चपास्ट में बेहतरीन प्रस्तुती देने पर न्यू डोगरा आईटीआई बिलासपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि, मां संतोषी आईटीआई घुमारवीं द्वितीय और राजकीय आईटीआई बिलासपुर तृतीय स्थान पर रही। कबड्डी का पहला मैच मां संतोषी आईटीआई घुमारवीं व हिल्स प्राइवेट आईटीआई में खेला गया। बिलासपुर आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं आईटीआई खेलकूद संघ के प्रधान कुलदीप चंद चड्डा ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया।
मुख्यातिथि उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि बच्चों को अनुशासन में रहकर खेल भावना से खेलना चाहिए। खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए अच्छे वातावरण का होना भी जरूरी है। बच्चों का कौशल विकास तभी संभव हो सकता है जब वे प्रशिक्षण के साथ नशे से दूर रहकर खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश आईटीआई संघ के महासचिव परमानंद आजाद, खेलकूद प्रभारी नंद किशोर, आयोजन सचिव ताराचंद धीमान, तरुण कुमार, अंशुल भारद्वाज, अजेश कुमार, सीमा, प्रेम डोगरा, दीपचंद, मस्तराम वर्मा, अमरनाथ शर्मा, जयपाल, लीला शर्मा, आशीष मेहता, कश्मीर सिंह, प्रवीण, रेणु, रीना, दीपिका, गोपाल गुप्ता उपस्थित रहे।