श्री नयना देवी मंदिर में मां के दर्शन के लिए बारी का इंतजार करते श्रद्धालु।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। शारदीय नवरात्र मेले में उत्तरी भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में शामिल श्री नयना देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। नवरात्र मेले के पांचवें दिन शक्तिपीठ में शाम पांच बजे तक 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेका। देर शाम तक मंदिर क्षेत्र में मां के भक्तों की गहमागहमी बनी रही। मां के दरबार पहुंचने वालों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली के श्रद्धालुओं की अच्छी खासी संख्या रही।
इस बीच, चौथे नवरात्र पर मंदिर में भक्तों ने मां के चरणों में 14.26 लाख की नकदी भेंट की। 26.900 ग्राम सोना और 2.629.700 किलो चांदी का चढ़ावा चढ़ाया। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए चाक चौबंद व्यवस्था की है।
मंदिर अधिकारी विजय गौतम ने बताया कि कोरोना को ध्यान मे रखते हुए मंदिर को दिन में दो बार सैनिटाइज किया जा रहा है। मंदिर परिसर में जगह जगह हैंड सैनिटाइज करने के लिए मशीनें लगाई गई है। बिना कोविड टेस्ट रिपोर्ट या वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र के आ रहे श्रद्धालुओं का मौके पर टेस्ट किया जा रहा है।
बिना मास्क मंदिर में प्रवेश मनाही की व्यवस्था का पुलिस जवान पूरी तरह पालन करवा रहे हैं। मंदिर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संदिग्ध लोगों पर निगाह रखने के लिए मंदिर परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।