जुखाला (बिलासपुर)। जिला के जुखाला में बेटी की डोली उठने से पहले ही मां की अर्थी उर्ठ गई। खुशी का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया। मंगलवार रात पूरा परिवार और रिश्तेदार बारात के आगमन की तैयारियों में लगे थे कि दुल्हन की मां को दिल का दौरा पड़ा और अस्पताल ले जाते समय उसे रास्ते में दम तोड़ दिया।
जुखाला गांव की 42 वर्षीय किरण धीमान की बेटी नेहा धीमान की शादी बुधवार को थी। बुधवार सुबह बारात आने वाली थी। सभी लोग बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। नानके से लकड़ी के मामा बधाई लेकर पहुंचे थे। सभी रिश्तेदार घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान दुलहन की मां को अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्हें जुखाला अस्पताल लाया गया। लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
एक पल में ही सारी खुशियां मातम में बदल गईं। बुधवार को नेहा की शादी मार्कंडेय मंदिर में करवा दी गई। लेकिन इससे पहले उसकी मां का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटी की डोली उठने से पहले मां की अर्थी उठ गई। इससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सभी लोग परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। किरण का एक बेटा और एक बेटी है।
मार्कंडेय मंदिर में की गई शादी
मां के निधन के बाद बेटी की शादी मार्कंडेय मंदिर में करवाई गई। बेटी को बताया गया कि उसकी मां की तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें आईजीएमसी रेफर कर दिया गया है। इसके बाद बेटी को मंदिर में लाकर उसकी शादी करवा दी गई।