बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में विजय हजारे क्रिकेट ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की टीम को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा। उत्तर प्रदेश की टीम को अपने कप्तान सुरेश रैना की कमी खल रही है। इससे पहले उत्तर प्रदेश की टीम अपना पहला मैच दिल्ली से 55 रन से हार गई थी।
बुधवार को महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच मैच खेला गया। महाराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में पांच विकेट पर 343 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की टीम के सामने 344 रन का विशाल लक्ष्य रखा। अंकित बावने ने 117 रन, रूतुराज ने 56, जोल ने 22, राहुल त्रिपाठी ने 31, नौशाद शेख ने 69, निखिल नायक ने 23 और श्रीकांत मुंधे ने 4 रनों का योगदान दिया। उत्तर प्रदेश के गेंदबाज कार्तिक त्यागी व सौरभ कुमार ने 2-2 और शिवम चौधरी ने एक विकेट प्राप्त किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम 44.3 ओवर में 238 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। प्रशांत गुप्ता ने 12, शिवम चौधरी ने 33, उमंग शर्मा ने 19, अक्षदीप नाथ ने 31, उपेंद्र यादव ने 14, शैफ ने 49, रिंकू सिंह ने 6, सौरभ कुमार ने 30, कार्तिक त्यागी ने 4 और मोहसिन खान ने 34 रन बनाए। महाराष्ट्र टीम के गेंदबाज महशामशुजामा नाजी ने 3 और पीसी दाधे, सत्यजीत बछाव व श्रीकांत मुंधे ने 2-2 विकेट प्राप्त किए।
बिलासपुर में क्रिकेट मैच के शुरू होने से पहले राष्ट्रीय गान बजाया जा रहा है। एसोसिएशन के सचिव विशाल जगोता का कहना है कि यह बिलासपुर एसोसिएशन की पहल है। इससे पहले आज तक कहीं भी ऐसे घरेलू क्रिकेट ट्रॉफियों में राष्ट्रीय गान नहीं गाया जाता था। उनका कहना है कि राष्ट्रीय गान से खिलाड़ियों में देश प्रेम की भावना पैदा होगी।