साधुपुल से पतंजलि योगपीठ छिनने के बाद योग गुरु बाबा रामदेव बुधवार दोपहर सोलन के ठोडो ग्राउंड में पहुंचेंगे। वह एक ओर जहां हिमाचल की वीरभद्र सरकार पर निशाना साधेंगे वहीं, भ्रष्टाचार और कालेधन का मुद्दा उठाने के साथ अनुयायियों को योगदीक्षा भी देंगे।
बाबा रामदेव स्वस्थ रहने के लिए योग क्रियाओं के अलावा गौरवशाली राष्ट्र निर्माण पर भी प्रकाश डालेंगे। बाब का कार्यक्रम शाम 6.00 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम का जिम्मा संभाल रहे पतंजलि योगपीठ के केंद्रीय प्रभारी राकेश कुमार ने कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा की जानकारी दी।
मंच व्यवस्था संभाल रहे पवन कुमार ने बताया कि ऐतिहासिक ग्राउंड के कलाकेंद्र मंच में बाबा रामदेव का आसन लगाया जा रहा है। मंच में 10 लोगों के बैठने की अनुमति होगी। जमीन पर न बैठ सकने वालों के लिए कुर्सियों का प्रबंध किया गया है। खुले मैदान में दरी पर बैठकर समर्थक बाबा रामदेव से रूबरू होंगे।
उधर, मंगलवार तड़के ही बाबा के समर्थक तैयारियों में जुटे दिखे। छह बजे से एनएच 22 के किनारे परवाणू से सोलन तक रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के बैनर लगाना शुरू कर दिया गया। आटो रिक्शा और छोटे वाहनों पर लाउडस्पीकर से रामदेव के आगमन की सूचना पहुंचाई गई। यह क्रम देर शाम तक चलता रहा।
रामदेव के गुरु भी पहुंचेंगे सोलन
बाबा रामदेव के गुरु आचार्य प्रद्युम्मन जी महाराज भी सोलन पहुंच रहे हैं। यह देश के प्रख्यात व्याकरणाचार्य हैं। रामेदव के साथ आचार्य बालकृष्ण का पहुंचना भी प्रस्तावित है। मंच पर इनके बैठने की व्यवस्था है।
सिक्योरिटी के बाद खोला मैदान गेट
ऐतिहासिक ठोडो ग्राउंड में आयोजन में जुटे रामेश्वर दत्त कौशिक ने बताया कि ग्राउंड की सिक्योरिटी देने के बाद मैदान का गेट खुला। उसके बाद आयोजन स्थल को सजाने का काम शुरू हुआ। पानी निकालकर मैदान को सुखाने के प्रयास हुए हैं। सूखी मिट्टी डालकर मैदान के गड्ढों को भरा गया। ताकि बुधवार सुबह मैदान में मैट बिछाए जा सकें।
होटल, सराय हुए पैक
रामदेव के समर्थक सोलन में जुटना शुरू हो गए हैं। मंगलवार दोपहर बाद ही होटलों और सराय पूरी तरह से बुक हो चुके थे। पतंजलि योग समिति ने समर्थकों के रहने का कुछ विशेष इंतजाम नहीं किया है। दावा किया जा रहा है कि हजारों की संख्या में समर्थक सोलन पहुचेंगे।
साधुपुल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पतंजलि योग केंद्र साधुपुल में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बैठकों, जलसों और रैलियों में किसी भी प्रकार का लाइसेंस वाले अस्त्र-शस्त्र ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। ये आदेश तत्काल लागू हो गए हैं। उपायुक्त सोलन मीरा मोहंती ने इसकी पुष्टि की है।
उपायुक्त के जारी आदेश के अनुसार, हाल ही में पतंजलि योगपीठ की लीज डीड रद करने के बाद असामाजिक तत्वों की ओर से किसी प्रकार की हिंसा अथवा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, जनता की शांति भंग न हो तथा जन सुरक्षा को किसी प्रकार का खतरा न हो, इसके लिए साधुपुल तथा इसके आस-पास 200 मीटर क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र नहीं ले जा सकता। वहीं, निजी कार्यक्रम का हवाला देते हुए प्रशासन ने किसी तरह के इंतजाम नहीं किए हैं।
-कानून व्यवस्था का पालन करें
-जनता को भड़काने वाले भाषण न दें
-यातायात में बाधा न पहुंचाएं
-तय समय पर खत्म करें कार्यक्रम