बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चढ़ावे की सुरक्षा और गणना व्यवस्था अब 33 नए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। गणना कक्ष में पांच कैमरे होंगे, जबकि बीचोबींच 360 डिग्री कैमरा स्थापित किया गया है, जो कक्ष में होने वाली हर गतिविधि रिकॉर्ड करेगा। गणना कक्ष का कोई भी हिस्सा कैमरे की निगरानी से बाहर नहीं रहेगा। गणना के दौरान कर्मचारियों की गतिविधियों से लेकर नकदी के रखे जाने और नोटों के बंडल तैयार करने तक की प्रक्रिया रिकॉर्ड होगी। चढ़ावा कक्ष से लेकर स्टोर गैलरी, स्टोर रूम, गेस्ट रूम और गणना कक्ष के बाहर तक कैमरों का जाल बिछाया गया है। इतना ही नहीं, गणना में शामिल कर्मचारियों के लिए बिना जेब की विशेष वर्दी भी तैयार करवाई जा रही है। सफेद पायजामा और पीले कुर्ते वाली 35 वर्दियां एक सप्ताह के भीतर तैयार होने की उम्मीद है।
बाबा बालक नाथ मंदिर में निगरानी तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया गया है। यहां पर नए कैमरे लगाए गए हैं। गणना के बिना जेब की वर्दी तय कर ली गई है। जल्द ही इस वर्दी में कर्मी गणना करेंगे।- गंधर्वा राठौड़, डीसी हमीरपुर एवं आयुक्त बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट