हिमाचल के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में एक महिला ने बहादुरी दिखाते हुए अपहरणकर्ता से अपने बच्चे को छुड़ा लिया। आंखों में मिर्च के बावजूद यह बहादुर महिला नकाबपोश अपहरणकर्ता से भिड़ गई और बच्चे को उससे छीन लिया।
महिला की बहादुरी और शोर मचने पर अपहरणकर्ता फरार हो गया। यह घटना मंगलवार को दिनदहाड़े पांवटा के बद्रीपुर मोहल्ले में हुई। यहां नकाबपोश ने एक व्यवसायी के घर से बच्चे के अपहरण का प्रयास किया। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पांवटा के वार्ड-4 बद्रीपुर में डा. जग्गा गली में युवा व्यवसायी गुरदीप सिंह के घर पर करीब पौने 12 बजे उनकी पत्नी गुरदीप कौर (34) बेटी हरनूर कौर (7) और बेटा रसनबीर (2) थे। गुरदीप बच्चों को स्नान करवाने के बाद बेटी को तैयार कर रही थी। अचानक बाहर गेट खुलने की आवाज सुनी।
गुरदीप ने देखा कि एक नकाबपोश व्यक्ति (मंकी कैप पहने) उसके बेटे रसनबीर को कमरे से उठाकर गेट की तरफ ले जा रहा था। गुरदीप उसके पीछे दौड़ी। दरवाजे के पास जैसे ही नकाबपोश को रोकना चाहा तो उसने गुरदीप की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया और बच्चे को उठाकर बाहर गली में खड़ी एक बाइक के पास जा पहुंचा।
गुरदीप कौर की आंख में मिर्च चली गई थी। हौसला दिखाते हुए वह जैसे-तैसे गली में बाइक तक पहुंची। अपहरणकर्ता बाइक को स्टार्ट करने के लिए किक मार रहा था। इस बीच महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बच्चे को जोर से खींचकर अपने पास ले लिया। शोर मचाने पर अपहरणकर्ता घबराकर मौके से फरार हो गया।
शोर सुनकर कुछ लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने पुलिस थाने एवं परिजनों को सूचित कर दिया। गुरदीप कौर ने बताया कि आरोपी की लंबाई करीब 6 फुट थी। उसने मंकी कैप, सफेद टी शर्ट एवं नीली जींस पहनी थी।
एएसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं। पांवटा के आसपास क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। अपहरणकर्ता की खोजबीन में टीमें गठित कर दी हैं। गुरदीप का मायका हरियाणा के जगाधरी में है। वह सोमवार रात को ही मायके से लौटी थी। इसके चलते हरियाणा पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।