हिमाचल में कोविड सेस लगाकर बिजली को महंगा करने की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली दरों पर दी जा रही सब्सिडी और टैरिफ को लेकर प्रस्तुति दी गई। अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा रामसुभग सिंह ने बिजली की वर्तमान दरों को लेकर सरकार को विस्तार से जानकारी दी।
सरकार ने कोविड सेस लगाने को लेकर अब ऊर्जा विभाग से प्रस्ताव तैयार करने को कहा है। संभावित है कि आगामी कैबिनेट बैठक में इसको लेकर फैसला हो जाएगा। विभागीय सूत्रों के मुताबिक कोरोना संकट के चलते सरकार बिजली के प्रति यूनिट पर स्लैब पर कोविड सेस लगाना चाहती है।
शून्य से 90 यूनिट के पहले स्लैब पर कोविड सेस नहीं लगाया जाएगा। इसके बाद वाले स्लैब पर सेस लगाकर लाखों उपभोक्ताओं को महंगी बिजली दरों का झटका लग सकता है। उधर, विद्युत नियामक आयोग भी बिजली दरों को तय करने में जुटा हुआ है। संभावित है कि इसी माह आयोग नई दरें घोषित कर दे।
अगर आयोग ने भी दरों में बढ़ोतरी कर दी और सरकार ने स्लैब पर सेस लगवा दिया तो प्रदेश की जनता को महंगी बिजली दरों से जोर का करंट लगेगा। अब देखना होगा कि सरकार सेस के साथ दरों को लेकर किस तरह का फैसला लेती है। उधर, शिक्षा मंत्री ने बताया कि ऊर्जा विभाग से प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। आगामी बैठक में इसको लेकर दोबारा चर्चा की जाएगी।