गांव लधुवास में फेरा पाने आई भतीजी के ससुरालियों का रास्ता रोकते हुए एक
व्यक्ति ने दुल्हन के पिता और अपने ही छोटे भाई को गोली मार दी।
वारदात
के बाद आरोपी राजेंद्र मौके से फरार हो गया। वहीं, घायल लखबीर सिंह (50)
ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव का फतेहाबाद के सिविल
अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक
के परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा
है कि खेत में रास्ते को लेकर दोनों भाइयों के बीच काफी समय से विवाद चल
रहा है।
गांव लधुवास निवासी किसान 50 वर्षीय लखबीर सिंह का अपने
बड़े भाई राजेंद्र सिंह के साथ पिछले कुछ समय से खेत में जाने वाले रास्ते
को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में कई बार पंचायतें हुई, लेकिन अभी तक
इसका समाधान नहीं हुआ। दो दिन पहले लखबीर की बेटी का विवाह पंजाब के गांव
संगतपुरा में हुआ था और सोमवार को उसके ससुराल वाले फेरा डालने के लिए गांव
लधुवास आ रहे थे।
पुलिस के अनुसार ससुराल वाले जब खेत से लखबीर की
ढाणी में जाने लगे तो वहां पहले से मौजूद राजेंद्र सिंह ने उनका रास्ता
रोक लिया। सूचना मिलने पर लखबीर सिंह ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंच गया और
दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी के बीच तैश में आकर
राजेंद्र ने अपनी पिस्तौल से लखबीर पर फायर कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप
से घायल हो गया। परिजनों ने उसे रतिया के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया,
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर रतिया
के थानाध्यक्ष जुगल किशोर पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे और मामले की
जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस की
तीन टीमों का गठन किया गया है। आरोपी को शीघ्र काबू कर लिया जाएगा।