संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। डीएवी कॉलेज में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से तीन दिवसीय जोनल युवा महोत्सव का आगाज किया। महोत्सव में जिले के 15 कॉलेज के 450 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। अलग-अलग प्रतियोगिताओं के लिए कॉलेज में तीन स्टेज बनाए गए थे, जिन पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रतिभा देखकर वहां मौजूद सभी लोग कयास लगाते रहे कि आखिर कौन महोत्सव का सरताज बनेगा।
मुख्यातिथि के तौर पर जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ कॉलेज प्रबंधन कमेटी के कोषाध्यक्ष एमसी शर्मा भी साथ रहे। अध्यक्षता प्रिंसिपल डॉ. रणपाल सिंह ने की। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि इस तरह के आयोजन हमें हमारी सभ्यता और संस्कृति से परिचित करवाते हैं। प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है, बस उसको निखार कर सामने लाने की जरूरत होती है। रंगमंच पर कलाकार हमारे समाज में छिपी सामाजिक बुराईयों के साथ अच्छे संदेश देने का कार्य भी करते है।
देर शाम तक चले इस महोत्सव में कोरियोग्राफी, ग्रुप डांस जनरल, क्लासिक सोलो डांस, सोलो डांस हरियाणवीं मेल, सोलो डांस हरियाणवीं फिमेल, मिमकरी, हरियाणवीं नाटक नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। मंच संचालन डॉ. परमजीत पाहवा, यूथ विभाग डायरेक्टर डॉ. महासिंह पुनिया, सांस्कृतिक यूथ एक्टिविटी प्रमुख डॉ. तेजवीर, डॉ. दर्शनलाल, डॉ. छत्रपाल सिंह, डॉ. गुरमेज, प्रोफेसर योगेश मोहन, डॉ. अनुपम खन्ना, जजपा प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह, डॉ. अशोक शेरवाल, अर्जुन सिंह, डॉ. कुसुम शेरवाल आदि मौजूद रहे।
प्रथम दिन का ये रहा परिणाम
युवा महोत्सव में यूं तो कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली सभी प्रस्तुति एक से बढ़कर एक थी। कोरियोग्राफी, सोलो डांस हरियाणवीं, लाइट वोकल इंडियन, क्लासिकल वोकल सोलो, ऑन स्पॉट पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग में जीएनजी कॉलेज यमुनानगर की टीम प्रथम रही इसके अलावा मीम, क्लासिकल सोलो डांस, सोलो डांस हरियाणवीं मेल, फॉक सांग हरियाणवी व जनरल में एमएलएन कॉलेज यमुनानगर प्रथम रहा। रिचुअल में डीएवी कॉलेज साढौरा, रंगोली में महाराज अग्रसेन कॉलेज जगाधरी, क्विज में गुरु नानक खालसा कॉलेज यमुनानगर प्रथम रहा।
कार्यक्रम में नर्स की वेशभूषा पहनकर प्रस्तुति देती छात्राएं। संवाद- फोटो : Yamuna Nagar
हरियाणवीं डांस में प्रस्तुति देने से पूर्व छात्राएं स्टॉफ के साथ। संवाद- फोटो : Yamuna Nagar
मुखौटे पहने यूथ फेस्टिवल में प्रस्तुति देने वाली छात्राएं। संवाद - फोटो : Yamuna Nagar
सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करती छात्रा। संवाद- फोटो : Yamuna Nagar
कार्यक्रम में प्रस्तुति देने से पहले अभ्यास करतीं छात्राएं। संवाद- फोटो : Yamuna Nagar
यूथ जोनल फेस्टिवल में अपनी प्रस्तुति देती छात्रा।- फोटो : Yamuna Nagar