यमुनानगर। कैथल से ट्रॉली में उपले लादकर काला आंब फैक्टरी जा रहे दो ट्रैक्टर को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उस पर सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे भाई की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसा मंगलवार की रात साढौरा कालाआंब रोड पर सादिकपुर के पास हुआ। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथल के खुराना रोड बाइपास निवासी मृतक का चाचा रणधीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई सुबे सिंह के दो लड़के हैं। बड़ा लड़का प्रदीप कुमार और छोटा गुरमीत सिंह है। दोनों प्रतिदिन अपने ट्रैक्टर ट्रॉली में कैथल से उपले लेकर काला आंब फैक्टरी में जाते थे। मंगलवार को ट्रैक्टर को बड़ा भाई प्रदीप चला रहा था। गुरमीत बैठा था। रात करीब पौने 12 बजे साढौरा काला आंब रोड पर सादिकपुर गांव के नजदीक सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। इससे दोनों उछलकर ट्रॉली से नीचे सड़क पर जा गिरे जबकि ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। गुरमीत की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। इस मामले में ट्रक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साढौरा थाना प्रभारी रामफल का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर लिया गया है। नंबर के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।