संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सबापुर गांव में एक विवाहिता घर के अंदर फंदे से लटकी मिली। मायके पक्ष ने घटना को दहेज प्रताड़ना का परिणाम बताते हुए पति व उसके परिवार के छह सदस्यों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और देवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज पर प्राथमिकी दर्ज की है।
अंबाला जिले के गांव तंदवाल निवासी जरनैल सिंह ने बताया कि उनकी बेटी रजनी का विवाह 23 अप्रैल 2022 को सबापुर निवासी रजत के साथ हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर ताने देने शुरू कर दिए। समय बीतने के साथ प्रताड़ना बढ़ती गई। दूसरी बेटी के जन्म के बाद रजनी को बेटा न होने का ताना दिया जाता था।
उसे यह कहकर अपमानित किया जाता था कि परिवार का वंश आगे बढ़ाने के लिए बेटे की जरूरत है। शिकायत के अनुसार पति अक्सर मायके से नकदी और घरेलू सामान लाने का दबाव बनाता था। परिवार ने कई बार अपनी क्षमता के अनुसार मदद भी की, लेकिन मांगें खत्म नहीं हुईं। पिता का आरोप है कि 22 जुलाई को रजनी ने फोन कर बताया था कि उससे एक लाख रुपये लाने के लिए कहा जा रहा है, ताकि डीजे का सामान खरीदा जा सके।
उसने फोन पर अपनी परेशानी भी साझा की थी। रविवार सुबह पति ने फोन कर सूचना दी कि रजनी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे तो वह कमरे में मृत अवस्था में मिली। पिता का कहना है कि लगातार दहेज की मांग, पैसों का दबाव और बेटा न होने को लेकर किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया।