संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। प्रतापनगर-बिलासपुर रोड पर गांव तुगलपुर गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे में गिरी बाइक से उछलकर महिला सड़क पर गिर गई। पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई करवाएं महिला को घर ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतका की पहचान साढौरा के गांव मियांपुर निवासी ताजो (45) के रूप में हुई। गांव मियांपुर निवासी ताजो अपने परिजन के साथ बाइक पर सवार होकर प्रतापनगर के गांव फैजपुर में एक रिश्तेदार की शोकसभा में शामिल होने आई थी। शोकसभा के बाद महिला परिजन के साथ बाइक पर बैठकर घर लौट रही थी।
प्रतापनगर से बिलासपुर रोड पर तुगलपुर गांव के पास सड़क में गड्ढा बना हुआ है। बाइक का पहिया सड़क पर बने गड्ढे में गया तो महिला उछलकर बाइक से नीचे सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से एक ट्रैक्टर ट्रॉली तेज रफ्तार आई। इस दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के ही उसके शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी।