यमुनानगर। सीवरेज लाइन जाम होने से गोबिंदपुरी में रहने वाले लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया। इस समस्या से परेशान लोगों ने इसकी शिकायत जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से की। शनिवार को विभाग के कर्मचारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे। सीवरेज कहां से जाम है यह देखने के लिए उन्होंने कन्हैया साहिब चौक से मधु चौक तक जाने वाली सड़क को राणा अस्पताल के समीप जेसीबी से तुड़वा दिया। जेसीबी से जैसे ही खोदाई की तो पाइप टूट गया। पानी पाइप टूटते ही घरों में गया पानी वापस आ गया। सीवरेज का ढक्कन हटाया गया तो वह गंदगी से जाम मिला। पानी आगे नहीं जा रहा था इसलिए अगले मेनहोल में पानी तक नहीं था।
सीवरेज के ढक्कन सड़क के नीचे दबने से दिक्कत
गोबिंदपुरी के घरों को जाने वाली सीवरेज लाइन मधु रोड पर जाने वाली मेन सीवरेज लाइन से जुड़ी है। मधु रोड पर मुख्य सीवरेज लाइन के कई मेनहोल के ढक्कन सड़क के नीचे दबे हैं। यहां तक की जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारियों को भी नहीं पता कि सीवरेज के ढक्कन कहां दबे हैं। शनिवार को भी ऐसा ही देखने को मिला। ढक्कन दबे होने से सीवरेज लाइन की सफाई नहीं हो पाती। इसका खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। जब सड़क बनी थी यदि तब इस पर ध्यान दे दिया होता तो आज यह नौबत नहीं आती।
सीवरेज के पानी से टूट चुकी है सड़क
कन्हैया साहिब चौक से मधु चौक तक सीवरेज लाइन कई जगह से जाम है। सीवरेज सफाई के नाम पर विभाग खानापूर्ति करता है। जिस कारण सीवरेज का सारा गंदा पानी सड़क पर ही बहता है इससे सड़क कई जगह से टूट चुकी है। इस सड़क के टूटने का मामला खुद यमुनानगर विधायक भी उठा चुके हैं।