संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से शनिवार को डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मनाया गया। शस्त्र पूजन के बाद पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पथ संचलन में पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवकों ने हिस्सा लेकर हिंदू समाज की एकता, अनुशासन और अखंडता का संदेश दिया।
मुख्य वक्ता संघ के जिला प्रचार प्रमुख हरिंदर मोहन ने बताया कि विजय दशमी के दिन ही संघ की स्थापना हुई थी। जब देश की आजादी के लिए संघर्ष चल रहा था, तब डॉ. बलिराम केशव राव हेडगेवार ने भारतीय समाज को मजबूत बनाने और राष्ट्र के गौरव को फिर से स्थापित करने के लिए संघ की स्थापना 1925 में नागपुर में की थी। उन्होंने बताया कि तब से लेकर अब तक संघ अपने विविध संगठनों के सहयोग से राष्ट्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करते हुए समाज को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
जिला प्रचार प्रमुख मोहन ने कहा कि आज राष्ट्र के समक्ष अनेक प्रकार की चुनौतियां हैं, जिनका मिलकर और संगठित होकर सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज हम सब हृदय से यह संकल्प लें कि अपने हिंदू समाज को और संगठित कर अपनी भारतीय संस्कृति का गौरव पूरे विश्व में करेंगे। स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग कर राष्ट्र को मजबूत आधार प्रदान करेंगे। इस अवसर पर नगर संघ चालक हरिंदर नैय्यर, जिला कार्यवाह गौरव कांबोज, वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट भगत राम गुप्ता आदि उपस्थित रहे।