संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। सलेमपुर बांगर के किसान के पर एसडीओ की ओर से एफआईआर दर्ज कराने के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को बिजली निगम के कार्यालय पर ताला जड़ दिया। ग्रामीण ताला लगाने के बाद वहीं धरने पर बैठ गए और बिजली निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष जताया।
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए एसडीओ ने लोगों को समझाया कि वह किसान के पर दर्ज करवाए गए केस को वापस ले लेंगे और जगमग योजना के तहत मीटर घरों से बाहर निकालने का काम फिलहाल स्थगित कर देंगे। एसडीओ के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और करीब तीन घंटे बाद ताला खोल दिया। इस दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारी बाहर नहीं जा सके और बाहर से कोई अंदर नहीं जा पाया।
उल्लेखनीय है तीन दिन पहले बिजली निगम के कर्मचारी जगमग योजना के तहत सलेमपुर बांगर गांव में मीटर घरों से बाहर करने के लिए गए थे। इसका ग्रामीणों ने विरोध किया था। ग्रामीण करणवीर, अमरिक सिंह, जसबीर, राकेश, गुरविंदर, अमरजीत, समय सिंह, सुशील पदम सिंह, हनीफ मोहम्मद व अमृतपाल ने बताया कि गांव में आने वाला लिंक रोड क्षतिग्रस्त है।
जब तक प्रशासन गांव में आने वाली सड़क को ठीक नहीं कराता तब तक वह जगमग योजना के तहत मीटर बाहर करने का कार्य का विरोध करेंगे। बिजली कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर विवाद हुआ था और लोगों ने बिजली निगम के कर्मचारियों को बंधक बना लिया था। इसके बाद एसडीओ ने किसान करणवीर के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज करा दिया था।
सड़क ठीक करवाए प्रशासन
ग्रामीणों का कहना है कि वह जगमग स्कीम का सिर्फ इसलिए विरोध कर रहे हैं कि उनके गांव में आने वाली सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। प्रशासन को सड़क का निर्माण कराना चाहिए। उसके बाद जगमग योजना के तहत वह घरों के बाहर मीटर लगवाने के लिए तैयार हैं। करणवीर ने बताया कि भेडथल मेन रोड से गांव तक आदमी पैदल भी नहीं चल सकता।
सड़क बिल्कुल टूटी हुई है। बरसात में तो गांव में बाढ़ आने के आसार हो जाते हैं। पूरे गांव में कई दिन तक जलभराव रहता है। गांव वालों को 6 किलोमीटर घूम कर मेन रोड पर जाना पड़ता है। इस दौरान भाकियू जिला युवा अध्यक्ष दिलबाग ताहरपुर, छछरौली प्रधान मोहनलाल मुंडाखेड़ा, साढौरा प्रधान सतपाल मानकपुर, जनक पांडो, सुरेंद्र नंबरदार, रजनीश सलेमपुर, मुकेश कुमार, प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
किसान जगमग योजना का विरोध नहीं कर रहे। बल्कि टूटी हुई सड़क को बनवाने की मांग कर रहे हैं। इसी के चलते उन्होंने जगमग योजना के तहत कार्य करने पहुंचे कर्मचारियों के काम में बाधा डाली। फिलहाल रोड बनने तक घर के बाहर मीटर लगाने के कार्य को स्थगित कर दिया है। - कमल पंडार, एसडीओ बिजली निगम