ग्रामीणों ने बुधवार को बक्करवाला गांव से ट्यूबवेल की मोटर चोरी कर भाग रहे युवक को पकड़ लिया। इस दौरान उन्होंने उसकी धुनाई भी की। आरोपी युवक ने ग्रामीणों के सामने कई चोरियां करने की बात भी कबूली। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को प्रताप नगर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं थाना प्रभारी प्रतापनगर किसी भी चोर को पकड़ने की बात से इंकार कर रहे हैं।
बक्करवाला निवासी ऋषि पाल व किरण पाल ने बताया कि बुधवार रात दो युवक गांव के खेतों से ट्यूबवेल की लगभग 15 हजार की मोटर चोरी कर भाग रहे थे। उसे रास्ते में लहासाबाद के लोगों ने पकड़ लिया। युवक की पहचान बक्करवाला निवासी रिजूल उर्फ तेली के रूप में हुई। जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। रिजूल ने अपने साथी का नाम अकरम उर्फ कद्दू बताया। ग्रामीणों ने उक्त युवक की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दी। उन्होंने बताया कि किसानों के खेतों से दर्जनों ट्यूबवेल की मोटरें और इंजन चोरी हो चुके है। ऋषि पाल ने बताया कि लगभग एक महीने पहले उनके ट्यूबवेल की मोटर चोरी हो गई थी। जिसकी शिकायत उन्होंने थाना प्रताप नगर में की थी। कई दिनों की मशक्कत के बाद उनकी मोटर के बिखरे पार्ट रिजूल उर्फ तेली के यहां से मिले थे। इसके अलावा दर्जनों किसानों के खेतों से इंजन व अन्य सामान चोरी हो चुके हैं। थाना प्रभारी लज्जाराम का कहना है कि पकड़े गए चोर की वीडियो ग्रामीणों ने वायरल की है। ऐसे चोर पकड़ में नहीं आ पाते। इसलिए वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। उनके पास कोई चोर नहीं है। ग्रामीणों ने उनको चोर पकड़ कर दिया है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है। अगर उनके पास कोई शिकायत आएगी तो वह जांच कर कार्रवाई कर देंगे।