संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल नेशनल कॉलेज, यमुनानगर की अंग्रेजी साहित्यिक सोसायटी की ओर से अंग्रेजी विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालय साहित्यिक उत्सव-2026 आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने पुस्तक समीक्षा, भाषण और कविता पाठ प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पुस्तक समीक्षा प्रतियोगिता में मुकंद लाल नेशनल कॉलेज की वाणी ने प्रथम, कनक प्रिया ने द्वितीय और हर्ष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय छछरौली के अमतोज सिंह प्रथम रहे। मुकंद लाल नेशनल कॉलेज की कनक प्रिया ने दूसरा और गुरु नानक खालसा कॉलेज की श्री ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कविता पाठ प्रतियोगिता में मुकंद लाल नेशनल कॉलेज की वाणी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय महाविद्यालय छछरौली के अमतोज सिंह दूसरे और गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज की रवतेज कौर तीसरे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को साहित्यिक समझ, आलोचनात्मक दृष्टिकोण, वक्तृत्व कौशल और रचनात्मक अभिव्यक्ति दिखाने का अवसर मिला।
निर्णायक मंडल में डॉ. रुपेंद्र कुमार और स्वाति वधावन शामिल रहे। उन्होंने विषय-वस्तु, प्रस्तुति, अभिव्यक्ति की स्पष्टता और समग्र प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुमिता कंवर के संयोजन में आयोजित हुआ। आयोजन समिति में जितेंद्र कुमार, डॉ. राहुल सिंह और डॉ. पूजा रानी शामिल रहे। कार्यकारी प्राचार्य प्रो. परवीन खुराना के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों और विजेताओं की सराहना के साथ हुआ।