संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले के चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के डिप्लोमा फार्मेसी में दाखिला लेने का विद्यार्थियों के पास एक और मौका है। इसके लिए संस्थान में फार्मेसी की रिक्त सीटों के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
दाखिला नोडल अधिकारी दीपक मेहता ने बताया कि पहले विभाग ने आवेदन करने की तिथि 16 अक्तूबर निर्धारित की थी। अब यह बढ़ाकर 19 अक्तूबर कर दी गई है। यह प्रक्रिया ऑफलाइन स्तर पर होगी। इसके लिए आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को संस्थान पहुंचकर आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद 21 व 22 अक्तूबर को विद्यार्थियों की ऑफलाइन काउंसिलिंग की जाएगी।
चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के डिप्लोमा फार्मेसी की कुल 60 सीटों में से पहली ऑनलाइन काउंसिलिंग करवाई गई थी। ऑनलाइन काउंसिलिंग के दौरान 30 सीटें भर गई थीं। इस प्रक्रिया के बाद संस्थान की कुल 30 सीटें रिक्त रह गई थीं। इसके बाद दूसरी ऑनलाइन काउंसिलिंग करवाई गई।
इस दौरान कुल 11 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। आवेदन करने वाले चार विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया। इसके साथ दाखिला लेने वालों की कुल संख्या 34 हो गई और 26 सीटें रिक्त रह गई। संस्थान की इन रिक्त 26 सीटों के लिए विभाग की ओर से ऑफलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों के पास आवेदन करने के लिए 19 अक्तूबर तक समय है। इसके बाद 21 व 22 अक्तूबर को काउंसिलिंग होगी। इस दौरान मौके पर विद्यार्थियों के दस्तावेज की जांच कर दाखिला दिया जाएगा। दाखिला नोडल अधिकारी मेहता ने बताया कि प्रक्रिया में शामिल होने के लिए विद्यार्थी शाम चार बजे तक संस्थान में पहुंचकर अपना फार्म भर सकते हैं। इसके बाद उन्हें 21 व 22 अक्तूबर को फिजिकल काउंसिलिंग के लिए आना होगा।