कोरोना काल में बंद हुई इंदौर-चंडीगढ़ साप्ताहिक और इंदौर-अमृतसर द्विसाप्ताहिक ट्रेन 25 फरवरी से फिर पटरी पर लौटेगी। रेलवे ने दोनों ट्रेनों को कोविड स्पेशल बनाकर चलाने का फैसला लिया है। इन दोनों ट्रेनों का यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन पर ठहराव है। इनके चलने से दिल्ली, आगरा, ग्वालियर, उज्जैन और इंदौर जाने वाले यात्रियों को काफी फायदा होगा। लोगों की लंबे समय से डिमांड के बाद साल 2019 में ही चंडीगढ़ से इंदौर तक की ट्रेन शुरू की गई थी। लेकिन पिछले साल कोरोना महामारी होने के बाद इन्हें बंद कर दिया था। अब रेलवे की तरफ से गाड़ियों को शेड्यूल किया जा रहा है। इन गाड़ियों के शुरू होने से दैनिक यात्रियों को भी फायदा होगा। ट्रेन संख्या 09307-इंदौर-चंडीगढ़ साप्ताहिक एक्सप्रेस 25 फरवरी से चलेगी। इंदौर से सुबह 5.30 बजे चल कर अगले दिन सुबह 5.05 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी दिशा 09308 चंडीगढ़-इंदौर साप्ताहिक 26 फरवरी से प्रत्येक शुक्रवार को चंडीगढ़ से शाम 4.30 बजे चलेगी। मार्ग में यह विशेष रेलगाड़ी देवास, उज्जैन, मक्सी, शाजापुर, पचोर रोड, ब्यावरा राजगढ, रूठियाई, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर जंक्शन, मुरैना, आगरा छावनी, मथुरा जंक्शन, फरीदाबाद, हजरत निजामुद्दीन, मेरठ सिटी, सहारनपुर, यमुनानगर जगाधरी तथा अम्बाला छावनी जंक्शन स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। चंडीगढ़ की तरफ जाने वाली ट्रेन सुबह 3 बजकर 11 मिनट पर यमुनानगर पहुंचेगी और दो मिनट ठहराव के बाद 3 बजकर 13 मिनट पर चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी। वहीं इंदौर की तरफ जाने वाली ट्रेन शाम को 5 बजकर 58 मिनट पर यमुनानगर पहुंचेगी और दो मिनट रूकने के बाद छह बजे रवाना होगी।
इसके अलावा एक अन्य ट्रेन नंबर 09325/09326 इंदौर-अमृतसर-इंदौर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव देवास, उज्जैन, मक्सी, शाजापुर, पचोर रोड, ब्यावरा राजगढ़, रूठियाई, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर जंक्शन, मुरैना, आगरा छावनी, मथुरा जंक्शन, फरीदाबाद, हजरत निजामुद्दीन, मेरठ सिटी, सहारनपुर, यमुनानगर जगाधरी, अंबाला छावनी जंक्शन, सरहिंद, लुधियाना, जालंधर और ब्यास में है। अमृतसर की तरफ जाने वाली ट्रेन शाम को 3 बजकर 56 मिनट पर पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 3 बजकर 58 मिनट पर चलेगी। वहीं इंदौर की तरफ जाने वाली ट्रेन सुबह 6 बजकर 43 मिनट पर पहुंचेगी और दो मिनट ठहराव के बाद 6 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी।
-यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर रेलवे द्वारा कोरोना काल में बंद ट्रेनों को दोबारा चलाया जा रहा है। इंदौर जाने वाले ट्रेन को चलाने के लिए लगातार डिमांड की जा रही थी। कुछ ही दिनों के अंदर पैसेंजर ट्रेनों को भी पटरी पर उतारा जाएगा।-हरिमोहन, सीनियर डीसीएम, अंबाला मंडल