संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने वीरवार को वार्ड 16 के चांदपुर में वार्ड 20 में जगाधरी वर्कशॉप रोड पर खुले में गंदगी डालने पर शराब ठेके के कारिंदे व एक कबाड़ी का चालान किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोबारा खुले में गंदगी डाली तो दुकान का सामान जब्त किया जाएगा।
शहर में अतिक्रमण करने, प्रतिबंधित पॉलीथिन बेचने और खुले में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करने के लिए तीन टीमें बनाई है। वार्ड एक से सात तक सीएसआई हरजीत सिंह, वार्ड आठ से 15 तक सीएसआई अनिल नैन व वार्ड 16 से 22 तक सीएसआई विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में टीमें गठित की गई है। वीरवार को एसआई सुशील शर्मा की टीम ने वार्ड 16 व 20 का दौरा किया।
वार्ड 16 में चांदपुर के पास एक शराब ठेके के कारिंदे द्वारा ठेके के पास गंदगी फैलाई हुई मिली। आसपास के लोगों ने पूछताछ की गई तो पता चला कि गंदगी ठेके के कारिंदे द्वारा फैलाई हुई है। जिसके बाद शराब ठेके के कारिंदे का मौके पर ही चालान किया गया। निगम द्वारा गंदगी को मौके से साफ कराया गया।
साथ ही ठेके के कारिंदे को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा यहां गंदगी डाली तो सामान जब्त किया जाएगा और बड़ा चालान होगा। उन्हें निगम के वाहन में ही कचरा डालने के निर्देश दिए गए। इसके बाद निगम की टीम ने वार्ड 20 में एक कबाड़ी की ओर से गंदगी फैलाने पर उसका चालान किया। साथ ही उसे समझाया गया कि वह अपना सामान केवल अपनी दुकान के अंदर ही रखे।
खुले में कचरा न फैलाएं और न ही सामान सड़क तक फैलाएं। एसआई सुशील शर्मा ने दुकानदारों को समझाया कि दुकान से निकलने वाला कचरा केवल अपने डस्टबिन में रखे। जब निगम की गाड़ी उनकी दुकान के पास आए तो वह कचरा उस वाहन में डालें।