जर्मनी भेजने के नाम पर युवक से दो लाख रुपये ठगे
दिल्ली में शीशगंज गुरुद्वारा में हुई थी आरोपियों से मुलाकात, जगाधरी के ढाबे पर दिए थे रुपये
महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा के गांव नगला हमायुंपुर दुमरिया निवासी सुनील को जर्मनी भेजने के नाम पर तीन लोगों ने उससे दो लाख रुपये ठग लिए। सुनील की मुलाकात आरोपियों से दिल्ली के शीशगंज गुरुद्वारा में हुई थी। इसके बाद पूरी बातचीत फोन पर हुई। बाद में आरोपियों ने नेशनल हाईवे 344 पर सदर जगाधरी एरिया में स्थित ढाबे पर पीड़ित से रुपये लिए। बाद में आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस ने सुनील की शिकायत पर महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुनील ने सदर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नवंबर 2020 में वह दिल्ली स्थित शीशगंज गुरुद्वारे में मत्था टेकने के लिए गया था। यहां पर उसकी मुलाकात पंजाब के लुधियाना निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ प्रियंकल से हुई। आरोपी ने उससे कहा कि वह लोगों को विदेश भेजता है। उसने जर्मनी जाने के बारे में पूछा तो आरोपी ने उसे बताया कि जर्मनी भेजने पर कुल दस लाख रुपये खर्च आता है। वह उसे एक-दो लाख रुपये कम में भी जर्मनी भेज देगा। इस दौरान आरोपी ने उसे सतनाम सिंह व परमजीत कौर से मिलवाया। आरोपियों ने उससे कहा कि वे उसे जर्मनी में वर्क परमिट दिलवा देंगे। तब उसने आरोपी को पासपोर्ट न होने की बात कही। आरोपियों ने उसे कहा कि वे उसका तत्काल में पासपोर्ट भी बनवा देंगे। दो लाख रुपये उसे जर्मनी जाने से पहले दे देना। बाकी रुपये जर्मनी में कमाकर दे देना। सुनील ने बताया कि जब उसने दो लाख रुपये का इंतजाम कर दिया तो परमजीत कौर ने उसे एक जुलाई 2020 को नेशनल हाईवे 344 पर जगाधरी के गांव रुलाखेड़ी के नजदीक स्थित राजू ढाबे पर पैसे लेकर मिलने के लिए बुलाया। परमजीत कौर ने उससे दो लाख रुपये ले लिए और उसे जल्द ही जर्मनी में वर्क परमिट पर भेजने का आश्वासन दिया। काफी दिन बाद भी आरोपियों ने उसे जर्मनी नहीं भेजा। इसके बाद आरोपियों ने उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। परेशान होकर उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।