शहर की कमला नगर कॉलोनी में दो भाइयों ने रंजिश को लेकर एक युवक को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर दोनों आरोपी भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव हरिपुर जाटान निवासी विशाल पंजेटा ने बताया कि वह महिंद्रा कार सेल पर नौकरी करता है। वह इससे पहले शहर के नेक्सा शोरूम पर काम करता था। जहां पर उसके साथ रोहित भी काम करता था। उस समय उसकी रोहित के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद से रोहित उससे रंजिश रखने लगा। विशाल ने बताया कि 29 मार्च को वह अपने दोस्त हेमंत के साथ बाइक पर शहर की कमला नगर कॉलोनी में किसी काम से गया था। इस दौरान रोहित ने अपने भाई मोहित के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोक लिया और उस पर लोहे के पंच व रॉड से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। उसने मामले की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।