यमुनानगर। हेरोइन तस्करी के मामले में पुलिस ने नेटवर्क का खुलासा किया है। हेरोइन की खेप यूपी के सहारनपुर से सप्लाई की गई थी। पुलिस ने सोमवार को सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र के मुख्य सप्लायर समेत दो को काबू कर लिया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी जसविंद्र सिंह ने बताया कि टीम ने दो दिन पहले 34 ग्राम हेरोइन के साथ उंचा चांदना निवासी सुखविंदर को गिरफ्तार किया था। उसे अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया था। आरोपी से हुई पूछताछ में नया खुलासा हुआ था। सुखविंदर ने बताया था कि हेरोइन की खेप सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र के गांव नवाजपुर से सप्लाई हुई थी। इसके बाद टीम ने नवाजपुर निवासी सादिर उर्फ साबिर व मसाना रांगड़ान निवासी सागर को काबू किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी सुखविंद्र सिंह को व सागर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया और सादिर को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।