यमुनानगर। दो मुंह वाला सांप बेचने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दो आरोपियों के फोटो सोशल मीडिया पर जारी किए है। इनमें से एक आरोपी यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, आदर्श नगर निवासी अशोक कुमार भाटिया ने जून 2024 में गांधी नगर थाने में एक शिकायत दी थी। उनका आरोप था कि एक व्यक्ति दर्पण ने उससे मुलाकात की थी। जिसे वह पहले से जानता था। आरोपी ने उसकी मुलाकात यूपी के सहारनपुर के गांव रायपुर कुंडी निवासी हरप्रीत उर्फ हैरी से मुलाकात कराई थी। बातचीत के दौरान हरप्रीत ने बताया कि मुर्सलीन के पास उसका 10 लाख रुपये का चेक है। यह चैक दवाइयों में डाले जाने वाले मैटेरियल के लिए है। उन्होंने कहा कि वह दो मुंह वाले सांप को बेचने का काम करते हैं। जिससे अच्छा मुनाफा होता है। अशोक आरोपियों के झांसे में आ गया। इसी बीच उन्होंने कुछ अन्य लोगों को बुला लिया और एक थैले में दो मुंह वाला सांस दिखाया और कहा कि यह करीब पौन चार करोड़ रुपये का माल है। इसका सौदा कर लेते हैं। जिसके बाद 35 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। अशोक ने अपनी पत्नी की एफडी तुड़वा कर आरोपियों को नकद 35 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ ठगी की थी।
एसपी ने इस मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी थी। आर्थिक अपराध शाखा इंचार्ज केवल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के फोटो जारी किए गए हैं। आरोपियों मुर्सलीन पुत्र अली नवाज व हरप्रीत उर्फ हैरी पुत्र मेवा सिंह की कोई जानकारी हो या किसी को इनका पता हो तो तुरंत इंचार्ज आर्थिक अपराध शाखा यमुनानगर को सूचित करें।