संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कपालमोचन मार्ग पर छह फरवरी को पट्रोल पंप के पास निजी स्कूल के हिंदी अध्यापक विनोद कुमार पर जानलेवा हमला करने वाले बाइक सवार तीन बदमाशों में से थाना बिलासपुर पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अध्यापक पर हमला करने वाले युवकों में से दो युवक बाइक पर कपालमोचन की ओर से आ रहे है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने गांव भमनौली निवासी रोहित व अलीशेरपुर निवासी आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य मित्र के कहने पर उसके साथ मिल कर अध्यापक पर हमला किया था। मनोज कुमार ने बताया कि तीसरे युवक की तालाश के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छह फरवरी की सुबह गांव मिल्क खास निवासी विनोद कुमार अपने दस साल के बेटे के साथ स्कूल के लिए निकला था। वह जैसे ही गांव के बाहर मुख्य मार्ग पर पहुंचा तो एक बाइक पर दो नकाबपोश युवक उसका पीछा करने लगे। कुछ दूर चलते ही विनोद कुमार जैसे ही कपालमोचन मार्ग पर स्थित पट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो दो बाइकों पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने अचानक उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। रुकते ही युवकों ने लोहे की राड व तेजधार हथियार से विनोद कुमार पर हमला कर दिया था। बच्चे व विनोद कुमार की चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर एकत्रित हो गए। कुछ की देर में गांव के पूर्व सरपंच कर्मचंद ने विनोद कुमार को स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। हमलावर लोगों को एकत्रित होता देख मौके से फरार हो गए थे।