यमुनानगर। बिलासपुर-जगाधरी रोड पर जिला जेल के पास केमिकल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के चार पोलों को तोड़ता हुआ निकल गया। एक पोल टूट कर ट्रक पर ही गिर गया। हादसे से जिला जेल समेत क्षेत्र की कई घंटे बिजली गुल रही। रात को ही बिजली कर्मचारियों ने जेल की सप्लाई गुलाब नगर फीडर से जोड़कर सुचारु की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक और के पोलों को साइड में कर यातायात बहाल किया।
बिजली निगम के एसडीओ सुखजिद्र सिंह ने बताया कि गुजरात नंबर का केमिकल से भरा एक ट्रक बिलासपुर से जगाधरी की तरफ आ रहा था। रात 12 बजे अनियंत्रित ट्रक ने जेल के सामने एक के बाद एक चार पोल को तोड़ दिया। इससे तार भी टूट गए। गुलाब नगर पावर हाउस से जेल में स्पेशल फीडर जा रहा है। पोल व तार टूटने से रात को जेल की पावर सप्लाई बंद हो गई। आसपास क्षेत्र की भी बिजली गुल हो गई।
करंट लगने के डर से वाहन दादूपुर नलवी नहर के पुल पर बने दूसरे रास्ते से गए। अधिकारियों के मुताबिक ट्रक का ड्राइवर हादसे के बाद फरार हो गया। पोल टूटने से बिजली निगम को करीब 55 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हादसा कैसे हुआ इसका पता नहीं चल पाया है। क्योंकि ट्रक की टक्कर सड़क के विपरीत दिशा में हुई है। शनिवार शाम तक जेल की पावर सप्लाई गुलाब नगर फीडर से ही चल रही थी। इसके अलावा छछरौली फीडर के भी कुछ गांवों की पावर सप्लाई तार टूटने से बंद हुई। बिजली निगम के एसडीओ सुखजिद्र सिंह का कहना है ट्रक चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दी गई है। फिलहाल जेल की सप्लाई को गुलाब नगर फीडर से जोड़ कर चलाया जा रहा है।