फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: ट्रामा सेंटर में 92 लाख से शुरू हुआ बिजली का अधूरा काम

Fri, 12 Jun 2026 01:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
ट्रामा सेंटर में एसी लगाता कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। जिले के बहुप्रतीक्षित ट्रामा सेंटर के नवीनीकरण कार्य को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। लंबे समय से अधर में लटके प्रोजेक्ट को पूरा करने की प्रक्रिया दोबारा शुरू हो गई है। भवन में एसी लगाने के साथ-साथ अन्य जरूरी इलेक्ट्रिक उपकरणों और सुरक्षा उपकरणों को लगाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। सिविल कार्य पहले ही पूरा हो चुका था।
ट्रामा सेंटर में एसी, ऑक्सीजन और वैक्यूम पाइपलाइन, सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी सिस्टम तथा अन्य आवश्यक इलेक्ट्रिकल सुविधाएं दी जानी हैं। इन कार्यों के लिए करीब 92 लाख रुपये का अतिरिक्त बजट स्वीकृत किया गया था। अब संबंधित कार्य शुरू हो गए हैं, जिससे ट्रामा सेंटर के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
विज्ञापन

गौरतलब है कि ट्रामा सेंटर को जनवरी 2025 तक स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर किया जाना था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं हो सका। इसके बाद जनवरी 2026 तक इसे शुरू करने की संभावना जताई गई थी, लेकिन इलेक्ट्रिक कार्यों में देरी के कारण यह लक्ष्य भी पूरा नहीं हो पाया।
करीब 15 वर्ष पुराने ट्रामा सेंटर भवन के ग्राउंड फ्लोर का नवीनीकरण लगभग 82 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। इसके चलते जून 2024 में ट्रामा सेंटर को मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल के ब्लॉक-ए में अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया गया था। पहले जहां ट्रामा सेंटर दो मंजिला भवन में संचालित होता था, वहीं अब यह अस्पताल के एक सीमित हॉल में चल रहा है।
जगह की कमी के कारण गंभीर मरीजों के लिए पांच बेड तक बरामदे में लगाने पड़ रहे हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगस्त 2024 में पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार ने नवीनीकरण कार्य शुरू किया था, लेकिन भुगतान में देरी के कारण सितंबर में काम बंद हो गया। बाद में भुगतान जारी होने पर कार्य दोबारा शुरू हुआ, मगर इसी दौरान बिजली संबंधी अतिरिक्त कार्यों की आवश्यकता सामने आई और सिविल कार्य बीच में ही रोकना पड़ा।
विज्ञापन

ट्रामा सेंटर में एसी सहित बिजली के अन्य कार्य शुरू हो चुके हैं। ये कार्य पीडब्ल्यूडी के माध्यम से करवाए जा रहे हैं। जैसे ही सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी होंगी, ट्रामा सेंटर को नए भवन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। - डॉ. पुनीत कालड़ा, डिप्टी सिविल सर्जन।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें