यमुनानगर। निरंकारी ज्वेलर के संचालक विनोद कुमार को गोली मारने व उसकी दुकान में लूटपाट करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है, लेकिन पुलिस की ये तीनों टीमें तीसरे दिन भी बदमाशों को गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो पाई। हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी पुलिस टीमें गहनता से मामले की जांच में जुटी है।
शहर थाना पुलिस व सीआईए वन व टू की टीमें दबिश दे रही है। शनिवार को भी तीनों टीमों ने कई स्थानों पर जांच की, लेकिन सराफ को गोली मारने वाले बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया। उधर, गोली लगने से घायल हुए सराफ विनोद की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ये है मामला
बता दें कि शहर की न्यू हमीदा कॉलोनी निवासी विनोद कुमार की लक्ष्मी सिनेमा के पास निरंकारी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। वीरवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह दुकान पर बैठा हुआ था, तभी बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए। दुकान में घुसते ही बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर लेकर तिजोरी की चाबी मांगी। इसके बाद बदमाश तिजोरी से गहने निकालने लगे, तभी दुकान पर कैंप निवासी गगनदीप पहुंचा। जब गगनदीप दुकान के अंदर आया तो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उसे दुकान से बाहर निकाल दिया।
गगनदीप ने दुकान के बाहर आकर डायल 112 पर फोन किया, लेकिन फोन नहीं लग पाया। इसके बाद तीनों बदमाश दुकान से बाहर निकले। बदमाश दुकान के बाहर खड़ी बाइक स्टार्ट करने लगे, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई, तभी विनोद शोर मचाते हुए दुकान से बाहर आया और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश करने लगा। जिस पर एक बदमाश ने उसके सिर पर गोली मार दी। गोली लगते ही विनोद नीचे गिर गया। इसके बाद बदमाश वहां से पैदल ही भागे। करीब 200 मीटर भागने के बाद रास्ते में आ रहे मॉडल कॉलोनी निवासी जसविंद्र को पिस्टल दिखाकर उसकी बाइक लूट ली। इसके बाद बदमाश लूटी बाइक पर सवार होकर वहां से फरार हो गए। यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात तीन युवकों पर केस दर्ज किया हुआ है।
सराफ विनोद को गोली मारने के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
- सुखबीर सिंह, शहर थाना प्रभारी