रादौर। गांव नाचरौन में आग लगने पर एक किसान की तीन एकड़ गन्ने की फसल व 6 एकड़ में खड़े गेहूं के फाने जलकर नष्ट हो गए। आग लगने का कारण बिजली की ढीली तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी बताया जा रहा है।
आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने ट्रैक्टरों व पानी से आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि ग्रामीण आग पर काबू नहीं पा सके। जिसके बाद मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से प्रभावित किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गांव रतनगढ़ निवासी जरनैल सिंह ने बताया कि उसने गांव नाचरौन में लगभग साढ़े 11 एकड़ भूमि 60 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से ठेके पर ली हुई है। सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे बिजली की ढीली तारों के आपस टकराने से निकली चिंगारी से उसकी तीन एकड़ गन्ने की फसल व 6 एकड़ में खड़े गेहूं के फाने जलकर नष्ट हो गए। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। आग लगने से उसे भारी नुकसान हुआ है। फाने जलने से उसे सूखे चारे की समस्या से जूझना पड़ेगा। उधर भारतीय किसान यूनियन की ओर से जिला प्रधान संजू गुंदयाना ने सरकार व प्रशासन से प्रभावित किसान को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।