यमुनानगर। शहर की एक कॉलोनी निवासी युवती की अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी जब अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हुआ तो उसने युवती की फोटो वायरल कर दी। युवती को जब इस बारे में पता चला तो उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांधी नगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी युवती ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता की फोटोग्राफी की दुकान है। उसकी दुकान पर करण नामक युवक काम करता है। काम करते हुए आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। जिसके बाद आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर उसकी अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। इस दौरान आरोपी उसकी फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उससे दो लाख रुपये की मांग करने लगा। आरोपी उसे बार-बार ब्लैकमेल कर पैसे मांगने लगा मगर उसने आरोपी को पैसे देने से मना कर दिया।
पीड़िता ने बताया की एक दिन वह अपने कार्यालय से छुट्टी होने के बाद जब घर जाने के लिए एक्टिवा उठाने लगी तो आरोपी करण वहां पर आ गया। आरोपी ने उसे अपनी बातों में उलझा कर शहर के नेहरू पार्क में लेकर गया। जहां आरोपी ने उसकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। मगर वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर घर पहुंची। उसने घर पहुंच कर घटना के बारे में परिजनों को बताया। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी युवक करण, अजय, प्रिया व एक अन्य के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास, आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। महिला थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।