संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कैलाश नगर पांसरा इलाके में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे तीन युवकों को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपियों ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे सामान को समेटना शुरू कर दिया था, लेकिन मकान मालिक के अचानक पहुंचने से उनकी चोरी की कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मंडौली निवासी दिनेश शर्मा ने बताया कि उनकी शिव मंदिर के पास शर्मा करियाना स्टोर के नाम से दुकान है। दुकान से कुछ दूरी पर बने क्वार्टरों में से एक कमरे में वह दुकान का सामान रखते हैं। बुधवार शाम करीब चार बजे वह सामान लेने कमरे पर पहुंचे तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर तीन युवक चोरी की नीयत से सामान बांध रहे थे।
दिनेश ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तीनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दड़वा माजरी निवासी सोनू, रूप नगर बाडी माजरा निवासी निखिल और रोडछप्पर निवासी सुभाष चंद के रूप में बताई। सूचना मिलने पर डायल 112 और थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई।