गांधी नगर की नवाब कॉलोनी में चोरों ने घर में घुसकर अलमारी में रखी दस हजार की नकदी समेत करीब 80 हजार के गहने चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सोए हुए थे, लेकिन उनको भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवाब कॉलोनी निवासी शिवम ने बताया कि रोज की तरह सोमवार रात को वो, उसकी बहन व उसकी मां घर में ही सोए हुए थे। रात करीब ढाई बजे जब उसकी मां की आंख खुली तो कमरे में रखी अलमारी का दरवाजा खुला हुआ था और सामान बाहर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में से 10 हजार रुपये की नकदी, एक नथनी, तीन सोने के कोके, आठ जोड़े चांदी की चुटकियां, एक जोड़ी चांदी की पाजेब व अन्य सामान गायब था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर दीवार कूद कर घर के अंदर आया और चोरी को अंजाम दिया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 80 हजार के करीब थी। इसकी शिकायत पुलिस को दी। गांधी नगर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 17 निवासी बेबी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार दोपहर बाद करीब दो बजे वह निजी काम से बाहर गई थी। इस दौरान वह अपने घर का ताला लगाकर गई थी। शाम करीब चार बजे जब वह घर आई तो उसने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा हुआ है। अलमारी खुली पड़ी थी। जिसके अंदर से सवा एक लाख रुपये नकदी, कंगन, मंगलसूत्र, एटीएम व पासबुक गायब थी। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।