संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की ओर से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत मुकंद पब्लिक स्कूल में वेस्ट टू आर्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने कचरे व बेकार सामान से सुंदर कलाकृतियां बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, रीसाइक्लिंग, पर्यावरण संरक्षण एवं नवाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
वसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित इस गतिविधि में विद्यालय के लगभग 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने बेकार प्लास्टिक बोतलों से कमल के फूल, पक्षियों के लिए घर, पुराने टायरों में पौधारोपण कर वेस्ट टू वेल्थ का संदेश, बोतलों के ढक्कनों से स्वच्छता वॉल, वेस्ट मटेरियल से एरिया मॉडल, डस्टबिन एवं स्वच्छ मोहल्ला थीम पर विभिन्न मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मकता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन शहरी के सलाहकार लोकेश सेन, आईईसी विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार, सहयोगी गगन बेनीवाल ने विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण, पुनः उपयोग, रिसाइक्लिंग एवं कचरा कम करने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी।
अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि ज्ञान, सृजन और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं। वेस्ट टू आर्ट जैसी गतिविधियां बच्चों को रचनात्मक सोच के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाती हैं और कचरे को संसाधन में बदलने की प्रेरणा देती हैं।
नगर निगम द्वारा इस पहल के माध्यम से नागरिकों को कबाड़ से कमाल करने और स्वच्छ व सुंदर यमुनानगर के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रधानाचार्या मोनिका शर्मा एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का धन्यवाद किया।
बेकार सामान से कलाकृतियां बनाते विद्यार्थी। प्रवक्ता