संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वती नगर। पठाना मोहल्ले में सीवर लाइन बिछाने के बाद रास्ते दुरुस्त नहीं किए गए। बारिश होेने पर रास्तों पर कीचड़ फैल गया, जिससे लोगोें का निकलना दूभर हो गया। यह आरोप लगाते हुए शुक्रवार को मोहल्ले की महिलाओं ने रोष प्रदर्शन किया। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए तत्काल रास्ते ठीक करने मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी मधु, कुसुम, वर्षा, हरबंस कौर, सोनिया, मेघा, रिचा, पूजा आदि का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले सीवरेज लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया था। तब से अभी तक पैचवर्क लंबित है। महिलाओं ने बताया कि इस संबंध में जब ठेकेदार से बातचीत की गई तो उन्होंने पल्ला झाड़कर विभाग के ऊपर बात डाल दी। इस बारे में मुख्यमंत्री के पास ट्वीट भी कर चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
महिलाओं ने कहा कि सरकार ने सीवरेज लाइन लोगों को सुविधा देने के लिए डलवाई है, लेकिन इससे लोगों को सुविधा की बजाय असुविधा ज्यादा हो रही है। न तो आज तक सीवरेज लाइन ही चली और न ही गलियां ठीक हुई। पठाना मोहल्ले के अलावा भी कई गलियोें और सड़कोें को भी ठीक नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र पैचवर्क नहीं हुआ तो तहसील में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में विभाग के जेई दीपक कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी फंड नहीं है। फंड आते ही समस्या का निराकरण कराया दिया जाएगा।