संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। इस्लामनगर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पिंकी देवी के रूप में हुई है। थाना साढौरा पुलिस ने मृतका के पिता दलबीर सिंह की शिकायत पर उसके पति राजेश, ससुर चुडाराम, सास राजदुलारी, जेठ रामकुमार और जेठानी सुषमा के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
शिकायत में तुगलपुर निवासी मृतका के पिता दलबीर ने बताया कि शनिवार को उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी पिंकी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ इस्लामनगर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि पिंकी का शव कमरे में बेड पर पड़ा हुआ था। जब उन्होंने ससुराल पक्ष से मौत के बारे में पूछा तो बताया गया कि पिंकी ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली है। इस जवाब से संतुष्ट न होने पर दलबीर ने पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस व सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पिता दलबीर का ये भी आरोप है पिंकी की शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। पिता दलबीर ने पुलिस को बताया कि दहेज को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला महिला थाना तक पहुंच गया था।
उस दौरान दोनों पक्षों की पंचायत हुई थी और गांव के मौजिज लोगों की जिम्मेवारी पर पिंकी को दोबारा ससुराल भेजा गया था।
पिता का आरोप है कि समझौते के बाद भी ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला और पिंकी को लगातार परेशान किया जाता रहा। दलबीर का कहना है कि शनिवार को ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत पिंकी की हत्या की और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटकाने की कोशिश की।
शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - प्रमोद कुमार, एसएचओ, थाना साढौरा।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद मृतका पिंकी के परिजन। संवाद