शादी में मोटरसाइकिल व दहेज न देने पर विवाहिता के साथ मारपीट करने और तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने विवाहिता के पति व सास पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में खिजरी गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी 2 साल पहले गांव खिजरी निवासी रियासत अली के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद उसका पति रियासत अली व सास ने दहेज के नाम पर तंग करना शुरू कर दिया। वे घर से बाइक लाने की मांग करने लगे। कुछ समय के बाद जब वह गर्भवती हो गई तो पति ने बुखार होने पर जानबूझकर ऐसी दवाई दी जिससे गर्भपात हो गया। दूसरी बार गर्भवती हुई तो उसके पति ने जानबूझ कर गर्भपात की दवाई देकर गर्भपात करवाया। तीसरी बार भी बेटा पैदा होते ही उसकी मृत्यु हो गई।
महिला ने बताया कि मई 2021 को पति ने उसे बहुत बुरी तरह पीटा और कमरे में बंद रख कहने लगा कि तुझे जलाकर मार दूंगा। महिला के शोर मचाने पर उसकी जेठानी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने छुड़वाया। इसके बाद पति ने शादी में दिए गए सारे सामान की तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना मिलने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। उसके पति ने सभी लोगों की मौजूदगी में कहा कि वह कोई संबंध नहीं रखता और तीन बार तलाक कह कर घर से बाहर निकालने की धमकी दे दी। जब विवाहिता के चाचा ने इसका विरोध किया तो उसके पति ने उनके साथ भी मार पिटाई की। आस पास के लोगों ने किसी तरह से मायके वालों को छुड़वाया । पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के व्यक्ति व सास पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है