यमुनानगर। नगर निगम क्षेत्र के गांव मुकारमपुर में प्रस्तावित 90 करोड़ रुपये से बनने वाले गोबर-धन संयंत्र की स्थिति एक साल बाद भी जस की तस बनी हुई है। 14 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैल गांव में आयोजित रैली के दौरान इस परियोजना की ऑनलाइन आधारशिला रखी थी लेकिन एक साल बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। हालात यह हैं कि 10 एकड़ में जिस बीपीसीएल कंपनी को संयंत्र का निर्माण करना था, उसे अब तक जमीन पर पूरी तरह कब्जा भी नहीं मिल सका है।
नगर निगम ने परियोजना को मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अभी तक निर्माण शुरू न होने से यह कागजों तक सिमट कर रह गया हैं। जमीन से जुड़े मसले और स्थानीय विरोध के चलते यह महत्वाकांक्षी योजना ठप पड़ी है। दरअसल, मुकारमपुर गांव से मामली रोड पर बनने वाले इस संयंत्र का स्थानीय किसानों और ग्रामीणों ने पहले ही विरोध किया था। भाकियू नेताओं का कहना है कि गोबर-धन संयंत्र बनने से इलाके में दुर्गंध फैलेगी और प्रदूषण बढ़ेगा। वहीं लोगों ने श्मशान घाट की जमीन पर कब्जा करने के आरोप भी लगाया था। इसके बाद नगर निगम ने श्मशान घाट की जमीन को इस परियोजना से बाहर कर दिया था। लोगों की आशंकाओं को दूर करने के लिए नगर निगम ने बीपीसीएल से प्रेजेंटेशन भी दिलवाई, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना है कि मानसून के दौरान आने वाली बाढ़ से गांवों पर खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, सिंचाई विभाग इस परियोजना के लिए पहले ही बीपीसीएल को अपनी एनओसी दे चुका है। इस संबंध में मुंडाखेड़ा, मुकारमपुर, मामली, चाहड़ों और सलेमपुर के ग्रामीणों का कहना है कि संयंत्र बनने से गोबर और अन्य कचरे की दुर्गंध से लोगों का जीना मुश्किल हो जाएगा। उनका आरोप है कि गांव में गंदगी का माहौल बनेगा और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। संवाद
संयंत्र में हर साल 45,000 मीट्रिक टन ठोस अपशिष्ट का हाेगा वैज्ञानिक निपटान
गोबर-धन संयंत्र को नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी द्वारा बीपीसीएल के सहयोग से इस परियोजना को तैयार किया जाना है। संयंत्र की कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) उत्पादन क्षमता सालाना 2,600 मीट्रिक टन निर्धारित की गई है। इस परियोजना में कृषि अवशेष, मवेशियों के गोबर और नगर निगम क्षेत्र के ठोस कचरे जैसे बायोमास का उपयोग कर बायोगैस बनाई जानी है। संयंत्र में हर साल 45,000 मीट्रिक टन ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक निपटान और 36,000 मीट्रिक टन गोबर का उपयोग किया जाना प्रस्तावित है। सीबीजी बायोगैस का शुद्ध रूप है, जो सीएनजी का विकल्प माना जाता है। इस संयंत्र से 2,600 मीट्रिक टन सीबीजी उत्पादन के साथ इतनी ही मात्रा में सीएनजी की बचत संभव है। सालाना करीब 10,000 मीट्रिक टन बायो-खाद का उत्पादन होगा और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में 7,700 मीट्रिक टन की कमी आने का अनुमान है। नगर निगम क्षेत्र के कैल, दड़वा और औरंगाबाद में डेयरी कॉम्प्लेक्स हैं, जहां हजारों की संख्या में पशु हैं। इनसे रोजाना लगभग 110 मीट्रिक टन गोबर निकलता है, जिसका फिलहाल अधिकांश हिस्सा नालियों में बहा दिया जाता है। इसी तरह शहर से प्रतिदिन 250 से 280 मीट्रिक टन कचरा निकलता है, जिसका निस्तारण कैल स्थित कचरा प्लांट में किया जाता है। इस पर हर साल 18 से 20 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। यदि गोबर-धन संयंत्र तैयार हो जाता है, तो न केवल कचरे का बेहतर निपटान संभव होगा, बल्कि निगम को आर्थिक बचत भी होगी, जिसे शहर के विकास कार्यों में लगाया जा सकता है। संवाद
वर्जन:
मुकारमपुर में बनने वाले गोबर-धन संयंत्र कुछ चुनिंदा लोग ही विरोध कर रहे हैं। विरोध करने वालों के मन में जो शंकाएं थी उन्हें प्रेजेंटेशन के माध्यम से दूर किया जा चुका है। सभी एनओसी मिल चुकी हैं। श्मशान घाट की जिस जमीन को प्लांट में बता रहे थे उसे भी बाहर कर दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही प्लांट का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
- महाबीर प्रसाद, आयुक्त, नगर निगम।