रादौर। नगर पालिका की मासिक बैठक वीरवार को हुई। बैठक में छोटा बांस स्थित नगर पालिका की करीब साढ़े चार एकड़ भूमि पर बसी डेहा बस्ती का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। मुक्त कराई गई करीब दो एकड़ भूमि पर रेस्ट हाउस, थाना और व्यावसायिक परिसर बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक चेयरमैन रजनीश मेहता शालू की अध्यक्षता में हुई। पालिका के सचिव सुरेंद्र मलिक के नेतृत्व में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। एसके रोड स्थित डंपिंग जोन को बुबका रोड अथवा श्मशान घाट के निकट स्थानांतरित करने के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की गई। बैठक में रादौरी रोड का नाम बदलकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग रखने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके अलावा हर वार्ड में स्ट्रीट लाइटें और 30-30 बेंच लगाने, नगरपालिका परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने, श्मशान घाट से नहर की पटरी तक कच्चे गोहर को पक्का करने तथा नगरपालिका की खाली भूमि पर तारबंदी कराने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। बैठक में वैध घोषित कॉलोनियों में नालियां और गलियां बनाने, विभिन्न मार्गों को स्मार्ट रोड बनाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।