संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एनआरएलएम के तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से क्लस्टर लेवल फेडरेशन (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) की ओर से खंड कार्यालय व्यासपुर में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसएचजी और ग्राम संगठनों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में अधिकारियों ने बताया कि क्लस्टर लेवल फेडरेशन ब्लॉक स्तर पर स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में महिलाओं को आजीविका एवं स्वरोजगार के अवसर, वित्तीय साक्षरता, बैंक लिंकेज, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सीएलएफ के माध्यम से महिलाएं संगठन की शक्ति को समझ रही हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर वे नियमित बचत करने के साथ बैंक ऋण प्राप्त कर छोटे व्यवसाय शुरू कर रही हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं और ऋण सुविधाओं का लाभ लेकर कई महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बना रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को लखपति दीदी जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई और उन्हें बड़े स्तर पर उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र शर्मा, खंड कार्यक्रम प्रबंधक धर्मवीर कांबोज, खंड समन्वयक अनुराधा कौर, नाबार्ड से अजिंद्र सिंह तथा मनरेगा से निश्चल कपूर ने महिलाओं को बचत, स्वरोजगार और सामूहिक प्रयासों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता से महिलाओं का सामाजिक सशक्तीकरण भी संभव है और वे परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और स्वरोजगार शुरू करने की नई दिशा मिली है। अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अनुभव अन्य महिलाओं के साथ साझा करें, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।